LPU Student Protest के दौरान रेप की अफवाह के बाद छात्रों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए, कैंपस में तोड़फोड़ और हाईवे जाम की स्थिति बनी।
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
फगवाड़ा। पीटीएन न्यूज
📰:-LPU Student Protest फगवाड़ा: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात एक छात्रा से कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में छात्र कैंपस में जमा हो गए और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ने पर कुछ छात्रों ने यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। इसके बाद प्रदर्शनकारी यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट के बाहर पहुंचे और चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। रात करीब ढाई बजे लगाए गए जाम के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सोशल मीडिया मैसेज से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात गर्ल्स हॉस्टल के आसपास एक मैसेज सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से वायरल हुआ। इसमें दावा किया गया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने हॉस्टल में घुसकर एक छात्रा के साथ रेप किया है। मैसेज फैलने के बाद बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल के बाहर जमा हो गए और यूनिवर्सिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। छात्रों ने सुरक्षा कर्मियों और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद कैंपस में कुछ जगहों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई।
पुलिस ने रेप की पुष्टि से किया इनकार
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में छात्रा से रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हुए दावे की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं, LPU प्रशासन ने भी छात्रा से रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। यूनिवर्सिटी ने छात्रों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह के प्रदर्शन या धरने में शामिल न हों।
SSP मौके पर पहुंचे
हंगामे की सूचना मिलने के बाद कपूरथला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। कपूरथला के SSP गौरव तूरा ने देर रात मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और पूरे मामले की जांच का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और हाईवे पर यातायात बहाल कराने के प्रयास में जुटी है। मामले में जांच के बाद ही वायरल दावे की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












