Aman Nagar Gun Threat मामले में 14 वर्षीय बच्चे ने लगाया बंदूक तानकर धमकाने का आरोप, पुलिस कर रही जांच
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-Aman Nagar Gun Threat:-जालंधर: थाना डिवीजन नंबर-1 के अंतर्गत आते सूरानुस्सी के अमन नगर में एक्टिवा/इलेक्ट्रिक बाइक धीमी चलाने को लेकर हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक पुलिस कर्मचारी के बेटे पर 14 वर्षीय बच्चे पर रिवॉल्वर तानने का आरोप लगा। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मोहल्ला निवासियों के समय रहते मौके पर पहुंचने और बीच-बचाव करने से स्थिति और बिगड़ने से बच गई। जानकारी के अनुसार, 14 वर्षीय सत्यम अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर किराए पर रहने वाले पुलिस मुलाजिम के बेटे अमन ने उसे रोक लिया। सत्यम के मुताबिक, अमन ने उसे इलेक्ट्रिक बाइक धीरे चलाने के लिए कहा और कथित तौर पर ऐसा न करने पर गोली मारने की धमकी दी। सत्यम का आरोप है कि जब उसने इस तरह धमकाने का विरोध किया तो अमन घर के अंदर गया और वहां से रिवॉल्वर लेकर आया तथा उसे तान दिया। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचने लगे। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, इसी दौरान अमन ने अपने कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उसके साथ आए कुछ युवकों के पास भी हथियार थे। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, मोहल्ला निवासियों ने हस्तक्षेप करते हुए मामला शांत करवाया। सत्यम की मां टीचर रजनी और पिता प्रदीप अवस्थी ने आरोप लगाया कि अमन पहले भी उनके बेटे को इसी तरह धमकाता रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी अमन के मकान मालिक से शिकायत की गई थी, लेकिन कथित तौर पर कोई सुधार नहीं हुआ। वहीं, आरोपी अमन के पिता और पुलिस कर्मचारी एएसआई सरवन सिंह ने अपने बेटे का पक्ष लेते हुए कहा कि उनके बेटे ने जो किया, वह गलत नहीं था और गलती सत्यम की थी। मामला सामने आने के बाद थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में तथ्यों की जांच के बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना में इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर लाइसेंसी है या नहीं।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












