Drug Trafficking पर शिकंजा कसते हुए जालंधर ग्रामीण पुलिस ने 17 मामले दर्ज किए, 308.15 ग्राम हेरोइन समेत नशीली गोलियां, इंजेक्शन और पिस्तौल बरामद
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-जालंधर ग्रामीण पुलिस ने नशे की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नकोदर सब-डिवीजन में बड़े स्तर पर कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में चलाए गए विशेष तलाशी अभियान के दौरान नशे से जुड़े मामलों में 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कुल 17 एफआईआर दर्ज की गई हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस को हेरोइन, नशीली गोलियां, इंजेक्शन, भुक्की के अलावा हथियार और नकदी भी मिली है। नकोदर और आसपास के इलाकों में नशे की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस टीमों ने कई संवेदनशील स्थानों पर एक साथ चेकिंग की। इस दौरान नशे के लिए संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों, हॉटस्पॉट, खाली मकानों और सुनसान जगहों की तलाशी ली गई। संदिग्ध लोगों से पूछताछ के साथ वाहनों की भी जांच की गई। इस कार्रवाई में सबसे बड़ी बरामदगी 308.15 ग्राम हेरोइन की हुई। इसके साथ ही पुलिस ने 443 नशीली गोलियां, 53 बिना लेबल वाले इंजेक्शन और 1 किलोग्राम भुक्की चूरा पोस्त बरामद की। तलाशी के दौरान 22 बोतल शराब भी पुलिस के हाथ लगी। पुलिस की कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों तक सीमित नहीं रही। टीमों ने एक .32 बोर की पिस्तौल, दो मैगजीन और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। इसके अलावा 41 हजार रुपये की नकदी और एक आई-20 कार को भी कब्जे में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दर्ज किए गए 17 मामलों में से 16 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं, जिनमें 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई। वहीं आबकारी एक्ट के तहत एक मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 20 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है थाना स्तर पर देखें तो सदर नकोदर में 6 एफआईआर और 7 गिरफ्तारियां, सिटी नकोदर में 6 एफआईआर और 8 गिरफ्तारियां, जबकि थाना नूरमहल में 4 एफआईआर और 4 गिरफ्तारियां हुई हैं जालंधर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ किया है कि नशे की बिक्री और सप्लाई से जुड़े लोगों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नकोदर सब-डिवीजन के संवेदनशील इलाकों में आने वाले दिनों में भी तलाशी और चेकिंग अभियान चलाए जाने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशे की अवैध सप्लाई पर रोक लगाने के साथ-साथ उन लोगों तक पहुंचना है जो नशीले पदार्थों की बिक्री और तस्करी में शामिल हैं।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












