✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। 2 जून 2026
- 📰:-जालंधर के वरियाना रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक छोटा हाथी चालक ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने की बजाय चालक उसे अपने वाहन में बैठाकर मौके से ले गया। बाद में उसका शव लेदर कॉम्प्लेक्स के पास एक खाली प्लॉट से बरामद हुआ।
- मृतक की पहचान सोनी लाल के रूप में हुई है, जो एक फैक्ट्री में ढुलाई का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक वह रोजाना की तरह सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक फैक्ट्री नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार ने उनकी तलाश शुरू की।
- परिजनों का दावा है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हादसा कैद हुआ है। फुटेज के आधार पर आरोप लगाया गया है कि सड़क पार करते समय एक छोटा हाथी ने सोनी लाल को टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद मौजूद लोगों ने चालक से घायल को अस्पताल ले जाने की अपील की, लेकिन वह उसे अपने साथ ले गया।
- मृतक के बेटे रिपुल ने आरोप लगाया कि चालक ने घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय लेदर कॉम्प्लेक्स इलाके में एक खाली प्लॉट में छोड़ दिया, जहां गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर परिवार में भारी रोष है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज करवाने के लिए उन्हें अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने पड़े।
- घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











