फगवाड़ा में अज्ञात हमलावरों ने बरसाईं गोलियां, मौके से पिस्टल, 2 मोबाइल और खोखा बरामद; पुलिस जांच में जुटी
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-पंजाब के जालंधर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। चर्चित RTI एक्टिविस्ट सिमरनजीत सिंह की शुक्रवार सुबह फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के लॉ गेट के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 8 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है।
- जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह किसी काम से फगवाड़ा आए हुए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सिमरनजीत सिंह काफी खून बहा चुके थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल, दो मोबाइल फोन, एक खोखा और एक फॉर्च्यूनर वाहन बरामद हुआ है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है।
- जानकारी के अनुसार, सिमरनजीत सिंह को सुरक्षा के लिए एक गनमैन भी मिला हुआ था, लेकिन घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं था। इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
- फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











