भाई को भी बेरहमी से पीटा, हालत नाजुक; गली के झगड़े ने ली 10वीं के छात्र की जान
📍 संगरूर
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-संगरूर के पटियाला गेट स्थित कृष्णा बस्ती में मामूली कहासुनी खूनी झगड़े में बदल गई। 15 वर्षीय अंकुश की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका 18 साल का चचेरा भाई आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक इलाज के बाद पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया है।
- परिजनों के अनुसार गली में बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद कुछ युवकों ने अंकुश को बुलाया और उस पर हमला कर दिया। अंकुश 10वीं कक्षा का छात्र था। पिता का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था और आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि वे काम पर थे और घटना की जानकारी बाद में मिली।
- मां ने बताया कि अंकुश काम से घर आया, नहाया और पिता को चाय देने के लिए निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके घायल होने की सूचना मिली।
- चश्मदीद के मुताबिक पहले युवक आपस में सामान्य बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक झगड़ा शुरू हो गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
- सरकारी अस्पताल की डॉक्टर के अनुसार अंकुश को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी, जबकि आदित्य की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











