📍 जालंधर। पंजाब
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-जालंधर का 23 वर्षीय युवक आकाश पिछले 8 दिनों से मलेशिया के कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है। युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी हालत बयां की और मदद की गुहार लगाई है।
- आकाश के अनुसार, वह न्यूजीलैंड से भारत लौट रहा था क्योंकि वहां उसका वीजा खत्म हो चुका था और पारिवारिक कारणों से उसे घर आना था। 24 अप्रैल को दिल्ली पहुंचने पर भारतीय इमिग्रेशन ने उसका पासपोर्ट एक्सपायर होने के कारण उसे एंट्री देने से मना कर दिया। उसे दो दिन एयरपोर्ट पर रखने के बाद वापस भेजने की बात कही गई, लेकिन न्यूजीलैंड की बजाय उसे मलेशिया भेज दिया गया।
- आकाश का आरोप है कि मलेशिया पहुंचने के बाद से वह एयरपोर्ट पर ही फंसा हुआ है। उसके पास न खाने के पैसे हैं, न पर्याप्त कपड़े और न ही कोई कंबल। वह एयरपोर्ट के फर्श पर सोने को मजबूर है। उसने यह भी कहा कि उसका सामान भी उसे नहीं दिया जा रहा।
- युवक का कहना है कि जब वह मलेशिया में भारतीय उच्चायोग से संपर्क करता है तो उससे न्यूजीलैंड से नए दस्तावेज लाने को कहा जाता है, जबकि उसके पास वहां जाने के लिए वीजा ही नहीं है। दूसरी ओर, मलेशिया के अधिकारी उसे भारतीय दूतावास से बात करने के लिए कहते हैं।
- वीडियो में आकाश ने भावुक अपील करते हुए कहा कि उसके परिवार की हालत खराब है और वह किसी तरह अपने घर लौटना चाहता है। उसने हाथ जोड़कर लोगों और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











