संत सीचेवाल ने बुड्ढे दरिया में किए सुधारों के बारे में बताया
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📍 जालंधर। पंजाब
📰:-जालंधर, 29 अप्रैल: कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह, लुधियाना पूर्वी के विधायक दलजीत सिंह भोला ग्रेवाल, लुधियाना केंद्रीय के विधायक अशोक पराशर पप्पी और मेयर प्रिंसिपल इंद्रजीत कौर ने सीचेवाल पहुंच कर निर्मल कुटिया में राज्यसभा सदस्य और पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल के साथ पंजाब के दरियाई पानी से प्रदूषण को पूरी तरह खत्म करने, विशेष रूप से बुड्ढे दरिया के प्रदूषण को दूर करने के बारे में चर्चा की।
बुड्ढे दरिया की पिछले दो वर्षों से कार सेवा कर रहे राज संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने निर्मल कुटिया पहुंचे नेताओं से बात करते हुए,कहा कि पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रशासन के सहयोग से और अधिक सक्रिय प्रयास किए जाएंगे।
संत सीचेवाल ने संबंधित विधायकों और मेयर से बात करते हुए बताया कि बूढ़ा दरिया में जो सुधार किए गए है, उनमें सबसे पहला यह है कि ग्रामीण क्षेत्रों की 79 डेयरियों को गोबर दरिया में डालने से रोक दिया गया है। ताजपुर और हैबोवाल की डेयरियों के पास एक अस्थायी ‘सीचेवाल मॉडल’ स्थापित किया गया है, और कचरे का प्रबंधन सीबीजी प्लांट में सुचारू रूप से किया जा रहा है। शहर की तीन कॉलोनियों का गंदा पानी मुख्य सीवर पाइपलाइन से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, पूर्वी तरफ के 8 गांवों और पश्चिमी तरफ के तीन गांवों के पानी को दरिया में जाने से रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए और अधिक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जमालपुर नाले से आने वाले 70 एम.एल.डी गंदे पानी को सीधे दरिया में जाने से रोक दिया गया है। भटियां ट्रीटमेंट प्लांट तक जाने वाली पाइपलाइन, जो पिछले 15 वर्षों से बंद थी, उसकी सफाई की जा रही है। तलवाड़ा गांव के गंदे पानी के उपचार के लिए बनाया गया ‘सीचेवाल मॉडल’ अब अंतिम चरण में है।
इस अवसर पर, संत सीचेवाल ने नर्सरी, नए पहलवानों के कुश्ती अभ्यास स्थल और ‘नानक हट’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने वहां पहुंचे गणमान्य व्यक्तियों को मौके पर ले जाकर ये सभी संस्थान दिखाए। उन्होंने खेत में पानी के पुनर्भरण (रीचार्जिंग) के लिए स्थापित मॉडल को भी देखा। इस अवसर पर, वहां पहुँचे गणमान्य व्यक्तियों को पौधे भेंट करके सम्मानित किया गया।

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











