अधिकारियों को फसल की खरीद, समय पर लिफ्टिंग और भुगतान सुनिश्चित बनाने के दिए निर्देश
पंजाब सरकार द्वारा गेहूं की खरीद सीजन को उचित ढंग से निपटाने की वचनबद्धता दोहराई
घरेलू गैस सप्लाई उचित ढंग से सुनिश्चित बनाने पर दिया जोर
📍 जालंधर, 16 अप्रैल :
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने आज जिले में गेहूं की खरीद प्रबंधों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि मंडियों में अपनी फसल बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत पेश न आए।
जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में खुराक एवं सिविल सप्लाईज, मंडी बोर्ड और विभिन्न खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने फसल की समय पर खरीद, तुरंत लिफ्टिंग और निर्धारित समय के अंदर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गेहूं की खरीद सीजन को उचित ढंग से निपटाया जा सके।
पंजाब सरकार द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस बार जिले में 5 लाख 27 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए जिले में 79 रेगुलर और 24 अस्थायी मंडियां स्थापित की गई है।
श्री वालिया ने बताया कि पंजाब सरकार की हिदायतों के अनुसार किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंडियों में पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, बिजली, शेड, शौचालय आदि की उचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है और जरूरी मात्रा में बारदाना भी उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि जिले की 73 मंडियों में फसल आनी शुरू हो गयी है और आने वाले दो दिनों में आमद और तेज हो जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गेहूं की सुचारू और निर्विघ्न खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी।
एक अलग बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने जिले में गैस सप्लाई का जायजा लेते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई उचित ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को कोई मुश्किल पेश न आए। उन्होंने यह भी हिदायत दी कि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई संबंधी सरकार द्वारा जारी हिदायतों का सख्ती से पालन किया जाए और कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई शिक्षा संस्थानों व अस्पतालों को प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए।
बैठकों में जिला कंट्रोलर खुराक एवं सिविल सप्लाईज नरिंदर सिंह, जिला मंडी अधिकारी अरविंदर सिंह, खरीद एजेंसियों के अधिकारी और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




