5 हैंड ग्रेनेड, आईईडी सामग्री और संचार उपकरण बरामद; बड़े आतंकी हमले की थी साजिश
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अमृतसर रूरल, गुरदासपुर पुलिस और स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश मसीह और जबलौन के रूप में हुई है, जो गुरदासपुर जिले के दुल्ला नंगल गांव के निवासी हैं। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। डीजीपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। इनमें 5 हैंड ग्रेनेड, 2 विशेष डेटोनेटर, पुश-टू-टॉक (PTT) टाइमर, कोडर-डिकोडर, 9 वोल्ट बैटरी, एक किलो हाई एक्सप्लोसिव (कीलों के साथ पैक आईईडी), एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी, केबल और ट्रिगर मैकेनिज्म शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि आरोपी राज्य में बड़े और प्रभावशाली आतंकी हमले की योजना बना रहे थे, जिससे शांति भंग हो सकती थी। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह मॉड्यूल विदेश में बैठे हैंडलर्स द्वारा संचालित किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क के आगे-पीछे के लिंक और स्थानीय सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है।एसएसपी गुरदासपुर आदित्य ने बताया कि विशेष नाकाबंदी के दौरान टी-प्वाइंट जोगोवाल बेदिया पर पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल पर आ रहे दो युवकों को रोका। पुलिस को देखकर दोनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन उन्हें काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो बैग बरामद हुए, जिनमें विस्फोटक सामग्री और उपकरण पाए गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फॉरेंसिक और बम निरोधक दस्तों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने सभी विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया। इस संबंध में थाना कलानौर में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




