
सत्यम,रिपोर्टर,पीटीएन
जालंधर, 10 मार्च : पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम ‘युद्ध नशों के खिलाफ’ के तहत आज जालंधर में एक और निर्णायक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के तहत गांव जामशेर में एक कुख्यात नशा तस्कर से संबंधित पंचायत की जमीन पर किए गए अवैध कब्जे और निर्माण को ढहा दिया गया।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई ग्राम पंचायत जामशेर, एसडीओ जामशेर और कमिश्नरेट पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई। एडीसीपी-2 हरिंदर सिंह गिल और एडीसीपी कैंट सर्वनजीत सिंह ने व्यक्तिगत रूप से इस कार्रवाई की निगरानी की।
उन्होंने बताया कि यह अवैध निर्माण जेम्स उर्फ साबी, निवासी गांव जामशेर खास पत्ती गिल्लां, का था, जो जालंधर कमिश्नरेट के थाना सदर के अधिकार क्षेत्र में आता है। जेम्स उर्फ साबी एक कुख्यात नशा तस्कर था, जिस पर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट और एक्साइज एक्ट के तहत 16 मामले दर्ज थे।
वह कपूरथला जेल में बंद था और बीमारी के कारण इलाज के दौरान अमृतसर के अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी। इस पते पर उसकी पत्नी सत्या देवी और बेटा करण रह रहे हैं, जिनके खिलाफ भी थाना सदर कमिश्नरेट जालंधर में एक-एक मामला दर्ज है।
उन्होंने दोहराया कि नशे से जुड़ी किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जिले में नशा तस्करी को रोकने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकार द्वारा जारी व्हाट्सऐप नंबर 9779-100-200 पर नशा तस्करी या अवैध नशों से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




