Kapurthala Road Accident में टायर फटने की बात कह रहा चालक, लोगों ने लगाए नशे में ड्राइविंग के आरोप; पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
✍🏻सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर के कपूरथला रोड पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे बैठे मजदूर उस समय हादसे का शिकार हो गए, जब एक कार अचानक बेकाबू होकर उनकी ओर आ गई। हादसे में तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
- लोगों के अनुसार कार काफी तेज गति से आ रही थी। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे बने गटर से टकराने के बाद सीधे मजदूरों की तरफ मुड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग भी खुल गए।
- घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने चालक पर नशे की हालत में कार चलाने का आरोप लगाया। कुछ लोगों ने चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मौके पर हंगामा भी किया। हालांकि चालक ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि दुर्घटना उसकी लापरवाही से नहीं, बल्कि सड़क पर टूटे गटर और बाहर निकले लोहे के सरिए से टायर फटने के कारण हुई। उसके मुताबिक टायर फटते ही कार अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
- सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल के एएसआई जगतार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालक के दावों, लोगों के बयानों और मौके से जुटाए गए सबूतों के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












