शिवम,रिपोर्टर,पीटीएन
जालंधर में ट्रैफिक व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए जिला रोड सेफ्टी कमेटी की मासिक बैठक आज 10 मार्च को आयोजित की जाएगी। यह बैठक पहले 25 फरवरी को प्रस्तावित थी, लेकिन कुछ कारणों के चलते इसे स्थगित कर दिया गया था।
आरटीओ के अनुसार बैठक शाम 4:45 बजे जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स के हाल में होगी। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल करेंगे। इसमें जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे और सड़क सुरक्षा से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में कुल 12 एजेंडे रखे गए हैं। इनमें जनवरी 2026 में मनाए गए नेशनल रोड सेफ्टी माह की समीक्षा, सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी, सड़क हादसों की रोकथाम समेत कई अहम विषय शामिल हैं।
इसके अलावा ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव जैसे ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए भी रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में सड़कों पर अवैध कब्जे हटाने, खराब सड़कों की मरम्मत, वाहनों पर लगाई जाने वाली सफेद एलईडी लाइट और रेड-ब्लू स्ट्रोब लाइट के खिलाफ कार्रवाई को लेकर भी चर्चा होगी।
इस बैठक में पुलिस कमिश्नर जालंधर, डिप्टी कमिश्नर नगर निगम, एसएसपी देहाती, विभिन्न एसडीएम सहित करीब 52 अधिकारी शामिल होंगे।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




