सेक्टर-25 में पुलिस ने बिछाया जाल, फायरिंग के बाद आरोपी घायल; मौके से हथियार और खोखे बरामद
📍चंडीगढ़। पंजाब
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-चंडीगढ़ में मंगलवार सुबह पुलिस और एक संदिग्ध गैंगस्टर के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-25 के पास आरोपी को घेर लिया, जहां दोनों तरफ से फायरिंग हुई। करीब 5 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान हरियाणा के गोहाना निवासी मुकेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है। उसे तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें इनपुट मिला था कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर उसे सेक्टर-25 के ग्राउंड के पास ट्रैक किया। घिरता देख आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं।
मौके से पुलिस ने गोलियों के खाली खोल और हथियार बरामद किए हैं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुकेश उर्फ गोलू अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़ा हुआ है। वह मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब-हरियाणा में सप्लाई करता था। चंडीगढ़ के थाना मलोया में उसके खिलाफ पहले से केस दर्ज है और उसे घोषित अपराधी भी बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
फोटो इंटरनेट के माध्यम से

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












