वांछित आरोपी को पकड़ने गई पुलिस पर डंडों, तेजधार हथियारों और गोलीबारी से हमले का आरोप; जवाबी फायरिंग में घायल आरोपी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर:
- 📰:-जालंधर ग्रामीण के मेहतपुर थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर कथित हमले के बाद हुई फायरिंग में घायल हुए आरोपी लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी की मां, बहन समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- एसएसपी जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विरक के अनुसार, 5 जून की शाम थाना मेहतपुर के प्रभारी इंस्पेक्टर अमन सैनी अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा अपने घर के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम शाम करीब 7:30 बजे उसके घर पहुंची।
- पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर लवप्रीत भागने लगा। जब पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान शोर सुनकर उसके परिवार के सदस्य और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पार्टी पर डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर दिया तथा सरकारी ड्यूटी में बाधा डाली। हमले में एक एएसआई की वर्दी भी फाड़ दी गई।
- पुलिस के मुताबिक, स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब भीड़ में मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने गोली चला दी। वहीं लवप्रीत और उसके साथियों पर एक पुलिसकर्मी पर तेजधार हथियार से हमला करने और सरकारी हथियार छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
- पुलिस का कहना है कि पहले चेतावनी स्वरूप एक गोली हवा में चलाई गई, लेकिन हमलावर नहीं रुके। इसके बाद आत्मरक्षा और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा के लिए की गई जवाबी कार्रवाई में दो गोलियां चलाई गईं, जो लवप्रीत सिंह की टांग में लगीं।
- घायल लवप्रीत को अस्पताल ले जाने के दौरान भी पुलिस को विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में गांव के गणमान्य लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का भी उपचार कराया गया।
- इस संबंध में थाना मेहतपुर में आरोपी की मां कुलदीप कौर, बहन गगनदीप कौर उर्फ गगन, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा और चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसपी (जांच) विनीत आहलावत की निगरानी में की जा रही है।
- पुलिस ने बताया कि मृतक लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, मारपीट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज थे। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी नशा तस्करी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











