‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजी गई ईमेल, पुलिस-एजेंसियां अलर्ट; सर्च में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-पंजाब में उस समय हड़कंप मच गया जब जालंधर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री देवी तालाब मंदिर समेत राज्य के पांच प्रमुख मंदिरों और चंडीगढ़ स्थित पंजाब सिविल सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी भरी ईमेल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, खुफिया एजेंसियां और बम निरोधक दस्ते तुरंत सक्रिय हो गए।
- जानकारी के अनुसार धमकी भरा ईमेल खुद को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले संगठन के नाम से भेजा गया। ईमेल में जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर के अलावा अमृतसर के दुर्गियाणा मंदिर, पटियाला के काली माता मंदिर, बठिंडा के माईसरखाना मंदिर और पठानकोट के मुक्तेश्वर धाम मंदिर को निशाना बनाने की बात कही गई। इसके साथ ही पंजाब सिविल सचिवालय को भी उड़ाने की धमकी दी गई।
- धमकी देने वाले ने ईमेल में दोपहर 1:11 बजे से 3:11 बजे के बीच विस्फोट होने का दावा किया था। साथ ही वर्ष 1984 में हुए ऑपरेशन ब्लू स्टार का जिक्र करते हुए इसे बदले की कार्रवाई बताया गया।
- धमकी मिलने के बाद सभी संबंधित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जालंधर के श्री देवी तालाब मंदिर में पुलिस, बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग्स की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
- पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में यह ईमेल लोगों में दहशत फैलाने की मंशा से भेजी गई फर्जी (Hoax) धमकी प्रतीत होती है। बावजूद इसके सुरक्षा एजेंसियां मामले को गंभीरता से लेते हुए ईमेल के स्रोत और आईपी एड्रेस को ट्रेस करने में जुटी हुई हैं।
- श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिरों और संवेदनशील सरकारी भवनों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












