✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
दिल्ली:
- 📰:- दिल्ली के हर्ष विहार इलाके से बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल में 5वीं कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर पानी की जगह तेजाब पीने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
*कैसे हुआ हादसा?*
- पुलिस के मुताबिक मृतक छात्रा संजना दीप भारती पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। मंगलवार को लंच ब्रेक के दौरान वह अपनी क्लास में खाना खा रही थी। उसी दौरान चौथी कक्षा की एक छात्रा भी वहां आई हुई थी, जिसके पास कोल्ड ड्रिंक की बोतल थी।
- बताया जा रहा है कि प्यास लगने पर संजना ने चौथी कक्षा की छात्रा से बोतल मांगी और पानी समझकर उसमें से पी लिया। लेकिन बोतल में पानी की जगह तेजाब भरा हुआ था। घूंट पीते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह दर्द से तड़पने लगी। स्कूल प्रशासन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचा।
*डॉक्टरों ने बताई खौफनाक सच्चाई*
- अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची ने पानी नहीं बल्कि किसी तेजाब जैसे रसायन का सेवन किया है। हालत गंभीर होने पर उसका इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन बुधवार रात उसने दम तोड़ दिया।
*पुलिस जांच में जुटी*
- घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तेजाब से भरी बोतल को कब्जे में ले लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
- पुलिस चौथी कक्षा की छात्रा और उसके परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर स्कूल परिसर तक तेजाब कैसे पहुंचा।
*स्कूल के बाहर परिजनों का प्रदर्शन*
- बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर सुरक्षा में भारी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











