छुट्टी के बाद गेट के बाहर छात्रों ने घेरकर किया हमला, सीसीटीवी में कैद पूरी घटना; गंभीर रूप से घायल छात्र के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और आरोपियों पर उठाए सवाल
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर के जेपी नगर स्थित स्वामी संत दास पब्लिक स्कूल के बाहर छात्रों के बीच हुई हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस घटना में 12वीं कक्षा का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी वारदात स्कूल के गेट नंबर-4 के बाहर हुई, जिसकी सीसीटीवी फुटेज भी अब सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, छुट्टी के बाद एक छात्र अपने साथी के साथ एक्टिवा पर वहां रुका था। इसी दौरान कुछ अन्य छात्रों ने उसे घेर लिया और देखते ही देखते विवाद हिंसा में बदल गया। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक छात्र लगातार घायल युवक पर हमला करता रहा। मौके पर मौजूद कुछ छात्रों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावर नहीं रुका।
घटना के दौरान एक अन्य छात्र वीडियो बनाता रहा, जबकि कुछ ने हमलावर को हटाने की कोशिश की। हैरानी की बात यह रही कि स्कूल गेट के पास इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद स्टाफ का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा।
घायल छात्र को उसके साथी घर ले गए, जहां मां ने उसे खून से लथपथ हालत में देखा और तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। छात्र के सिर पर गहरी चोटें आई हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि क्लास में मामूली मजाक को लेकर दोनों छात्रों के बीच विवाद हुआ था, जिसे एक शिक्षक ने सुलझा भी दिया था। बावजूद इसके, छुट्टी के बाद दूसरे छात्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला कर दिया। परिवार का आरोप है कि हमले में तेजधार हथियार का इस्तेमाल किया गया।
मां का कहना है कि घटना के काफी देर बाद तक न तो आरोपी छात्र और न ही उसके परिजन सामने आए। वहीं स्कूल प्रबंधन पर भी लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे पर किरपाण से हमला किया गया और अब आरोपी पक्ष की ओर से समझौते का दबाव बनाया जा रहा है, जिसे उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायल छात्र का इलाज जारी है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




