बरात निकलने से पहले दहशत का माहौल, परिवार ने हाथ जोड़कर बचाई जान
📍 जालंधर। पंजाब
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां खुशियों से भरा शादी का माहौल अचानक भय और अफरातफरी में बदल गया। जमाल नगर इलाके में एक परिवार के घर में चल रही शादी की तैयारियों के बीच ऐसा विवाद भड़का कि अगले ही दिन बरात निकलने से पहले ही घर में हमला हो गया
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात घर में संगीत कार्यक्रम चल रहा था और डीजे पर लोग नाच-गा रहे थे। इसी दौरान गाना बजाने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई। मामूली बहस देखते ही देखते बढ़ गई और हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पत्थरबाजी शुरू हो गई। परिवार के लोग किसी तरह घर के अंदर छिपकर रात गुजारने को मजबूर हो गए।
मामला यहीं शांत नहीं हुआ। रविवार शाम करीब 4 बजे 20 से 25 युवक, जिनके हाथों में तेजधार हथियार बताए जा रहे हैं, अचानक घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की और घर का सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में मौजूद महिलाओं और परिजनों ने हाथ जोड़कर किसी तरह खुद को बचाया, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
इस घटना के चलते जिस घर से बरात निकलनी थी, वहां डर का ऐसा माहौल बन गया कि कई रिश्तेदार भी मौके से चले गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रामा मंडी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सब-इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार के अनुसार, पीसीआर टीम पहले ही मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस अब परिवार के बयान दर्ज कर रही है और आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई की जा रही है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












