राजीनामे के लिए बुलाए गए दोनों पक्ष, पीड़िता का आरोप- थाने में ही हमला हुआ, पुलिस वीडियो बनाती रही; कार्रवाई की मांग
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर:
- 📰:-जालंधर के थाना भार्गव कैंप में एक महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची थी, लेकिन वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर हमला कर दिया। महिला का दावा है कि हमले में उसकी बाजू टूट गई, जबकि पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद होने के बावजूद कोई हस्तक्षेप नहीं कर सके।
- पीड़िता के अनुसार, पड़ोसियों के साथ चल रहे विवाद को लेकर उसने पहले पुलिस में शिकायत दी थी। इसी मामले में समझौते (राजीनामे) की कोशिश के तहत पुलिस ने दोनों पक्षों को शुक्रवार रात करीब 9 बजे थाना बुलाया था। महिला अपने परिवार और बेटी के साथ थाने पहुंची थी।
- महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान दूसरे पक्ष के कुछ युवक और महिलाएं अचानक भड़क गए और उन्होंने थाने के अंदर ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमलावरों ने बेरहमी से हमला किया और पुलिसकर्मी उन्हें बचाने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाते रहे। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
*पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल*
- घटना के बाद पीड़ित परिवार करीब आधे घंटे तक थाने में बैठा रहा, लेकिन किसी पुलिस अधिकारी ने उनकी शिकायत नहीं सुनी। महिला का आरोप है कि न तो उनकी शिकायत दर्ज की गई और न ही मेडिकल जांच के लिए भेजा गया।
*समझौते का दबाव बनाने का आरोप*
- पीड़िता ने आशंका जताई है कि पुलिस आरोपियों को बचाने के लिए उस पर समझौते का दबाव बना सकती है। महिला का कहना है कि उसे गंभीर चोटें आई हैं और उसकी बाजू टूट गई है, इसलिए वह किसी भी हालत में समझौता नहीं करेगी। उसने मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











