विदेशी हैंडलर के इशारे पर वारदात का आरोप, भीड़ देखकर ओपीडी की बजाय खाली इमरजेंसी वार्ड की ओर फेंका ग्रेनेड
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-पंजाब के गुरदासपुर जिले के कलानौर स्थित मुल्तानी अस्पताल पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी धर्मेंद्र सिंह उर्फ टिंडी को घटना के महज 6 घंटे के भीतर तरनतारन से गिरफ्तार कर लिया।
- जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज के अनुसार आरोपी वारदात से पहले करीब 15 मिनट तक अस्पताल के बाहर खड़ा रहा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वह अस्पताल के ओपीडी क्षेत्र में मौजूद भीड़ के कम होने का इंतजार कर रहा था। हालांकि, मरीजों और लोगों की संख्या अधिक होने के कारण उसने अपनी योजना बदल दी और अस्पताल के किनारे स्थित खाली पड़े इमरजेंसी वार्ड की ओर ग्रेनेड फेंक दिया।
- धमाके से अस्पताल की खिड़कियों के शीशे टूट गए और इलाके में दहशत फैल गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
- प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कलानौर के अगवान गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ टिंडी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था और उसी के निर्देश पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।
- वहीं अस्पताल के मालिक ने दावा किया है कि उन्हें पिछले करीब एक साल से फिरौती की मांग को लेकर लगातार धमकी भरे फोन आ रहे थे। सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी भी दी गई थी और कुछ समय के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया।
- पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने तकनीकी व मानवीय खुफिया जानकारी, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में यूएपीए और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












