पीड़ित महिला
24 तोला सोना और 20 हजार कैश गायब, सिवान से जालंधर आते समय हुई वारदात
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
- 📰:-जालंधर | आम्रपाली एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक परिवार के साथ लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने IRCTC स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफर के दौरान स्टाफ की संदिग्ध गतिविधियों के बीच उनके बैग से करीब 24 तोला सोना और 20 हजार रुपए नकद चोरी हो गए। घटना के बाद परिवार ने जालंधर रेलवे स्टेशन स्थित GRP थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
- पीड़ित ईश्वर दयाल सिंह ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ बिहार के सिवान से जालंधर आ रहे थे। परिवार आम्रपाली एक्सप्रेस की बोगी नंबर M3 में सफर कर रहा था। उनके मुताबिक यात्रा के दौरान IRCTC स्टाफ का व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध लग रहा था। स्टाफ बार-बार परिवार को 5 रुपए वाली चाय ऑफर कर रहा था, जिससे उन्हें लगा कि उनका ध्यान भटकाने की कोशिश की जा रही है।
- परिवार ने आरोप लगाया कि ट्रेन स्टाफ ने उनकी सीट के पास अपना सामान रख दिया और उसमें “गन” होने की बात कहकर उन्हें डराया। इसके बाद स्टाफ बार-बार उसी सामान को चेक करने के बहाने सीट के आसपास आता-जाता रहा।
- पीड़ितों के अनुसार रात करीब 10 बजे बोगी की लाइट भी बंद कर दी गई। अंधेरे के दौरान स्टाफ की गतिविधियां लगातार जारी रहीं। हालांकि उस समय परिवार को किसी चोरी का अंदेशा नहीं हुआ।
- जालंधर पहुंचकर जब परिवार अपने संजय गांधी नगर स्थित घर पहुंचा और बैग चेक किए, तो महिलाओं के होश उड़ गए। बैग में रखे सोने के गहने और 20 हजार रुपए गायब थे। इसके बाद परिवार ने अपनी एक अन्य रिश्तेदार महिला से संपर्क किया, जो उसी सफर में साथ थी। जब उसने अपना सामान चेक किया, तो उसके बैग से भी गहने गायब मिले।
- परिवार का दावा है कि कुल मिलाकर करीब 24 तोला सोना चोरी हुआ है। घटना के बाद परिवार ने GRP थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी और मामले की गहन जांच की मांग की।
- पीड़ित परिवार का कहना है कि ट्रेन की सीसीटीवी फुटेज और उस रात ड्यूटी पर मौजूद IRCTC स्टाफ की जांच की जाए, तो पूरी सच्चाई सामने आ सकती है। फिलहाल GRP पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











