सिमरनजीत और सौरभ की मौत, 5 से 7 हमलावरों ने रास्ते में घेरकर किया हमला; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर: बस्ती शेख में युवक की मौत के मामले ने अब दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया है। एक दिन पहले हुई मारपीट की रंजिश में शुक्रवार देर रात अस्पताल जा रहे दो युवकों पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से अमन नगर निवासी सिमरनजीत सिंह (24) की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सौरभ (23) ने शनिवार दोपहर इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
- घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने मामले में कई आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू कर दी है।
*एक दिन पहले हुई थी मारपीट*
- चश्मदीद और मृतक के साथी राजवीर सिंह के अनुसार, विवाद की शुरुआत 11 जून को हुई थी। वह और सिमरनजीत भटूरे खाने गए थे, जहां गुल्लू और उसके साथियों के साथ कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और सिमरनजीत को बुरी तरह पीटा गया।
- राजवीर का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी रंजिश ने अगले दिन खूनी रूप ले लिया।
*अस्पताल जाते समय घेरकर की फायरिंग*
- शुक्रवार रात सिमरनजीत अपने दोस्त राजवीर के साथ इलाज के लिए अस्पताल जा रहा था। रास्ते में वे अपने परिचित सौरभ को भी साथ लेकर निकले। आरोप है कि इसी दौरान न्यू दशमेश नगर इलाके में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन्हें रोक लिया।
- जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
*सिमरनजीत की मौके पर मौत, सौरभ ने भी तोड़ा दम*
- फायरिंग के दौरान सबसे पहले गोली सिमरनजीत सिंह को लगी। वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरी ओर सौरभ को भी गोली लगी और उसकी हालत नाजुक हो गई।
- दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सिमरनजीत को मृत घोषित कर दिया। वहीं सौरभ को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया, लेकिन शनिवार दोपहर उसने भी दम तोड़ दिया।
*वायरल वीडियो को माना जा रहा विवाद की वजह*
- पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले हुई मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम पर वायरल हुई थी। माना जा रहा है कि इसी वीडियो के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया था, जिसने बाद में खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
*परिवार पर टूटा दुखों का पहाड*
- सिमरनजीत सिंह की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी पत्नी ईशा का रो-रोकर बुरा हाल है। सिमरनजीत पेशे से बिजली का काम करता था और परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था।
- परिवार में उसकी पत्नी और करीब डेढ़ साल का बेटा है। चार साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि यदि पहले की शिकायत पर पुलिस कार्रवाई करती तो आज उनका बेटा जिंदा होता।
*पुलिस ने शुरू की जांच*
- घटना की सूचना मिलते ही थाना भार्गव कैंप के एसएचओ राजिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, हमले में 5 से 7 युवक शामिल थे और कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
- पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
dc101e70-16a8-45da-9164-56da4418bd13
c7252631-a284-4771-a440-c3a442dea9b4
c7252631-a284-4771-a440-c3a442dea9b4 b9d706a4-c8e4-4310-a90c-370d922e1e0d 81b9129b-3c0a-4c0f-8f18-02c59cda6266 4089ed45-1638-4973-8a46-50b00cd7890f 72328836-3661-4119-a529-09d722fabf3e 3ff9f7a4-7f54-4561-bd18-e6197b924fcb 3a3f0941-527a-48eb-a61a-eb786b4e9188
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











