SIT के सामने दर्ज हुए अहम बयान, पूर्व जत्थेदार ने जिम्मेदारी स्वीकार किए जाने और वीडियो रिकॉर्डिंग होने का किया दावा
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
चंडीगढ़: पीटीएन न्यूज
- 📰:-बहिबल कलां गोलीकांड और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी से जुड़े मामलों की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) के सामने दर्ज बयानों के बाद शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की कानूनी और राजनीतिक मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
- श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने SIT के समक्ष बयान दर्ज कराते हुए दावा किया कि अकाल तख्त साहिब के सामने सुखबीर सिंह बादल ने बहिबल कलां गोलीकांड की जिम्मेदारी स्वीकार की थी। उन्होंने कहा कि इस कबूलनामे की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।
- ज्ञानी रघबीर सिंह के अनुसार, उस समय हुई पूरी बातचीत मीडिया, टीवी चैनलों, अखबारों और बड़ी संख्या में मौजूद संगत के सामने हुई थी, जिसे लोगों ने लाइव देखा और सुना था। उन्होंने SIT को बताया कि उस घटनाक्रम से जुड़े रिकॉर्ड आज भी उपलब्ध हैं।
- उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निहत्थे और बेगुनाह लोगों पर गोलियां चलवाना एक साजिश का हिस्सा था। हालांकि कानूनी कार्रवाई और सजा के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला संबंधित संस्थाएं करेंगी, जबकि उनका दायरा धार्मिक मर्यादा के तहत कार्रवाई तक सीमित है।
- *अब तक पांच SIT कर चुकी हैं जांच*
- बहिबल कलां गोलीकांड और बरगाड़ी बेअदबी मामलों की जांच के लिए अब तक पांच अलग-अलग SIT गठित की जा चुकी हैं। वर्ष 2015 में फरीदकोट पुलिस की पहली SIT के बाद मामला CBI को सौंपा गया था, लेकिन बाद में जांच वापस पंजाब सरकार को मिल गई।
- वर्ष 2018 में आईजी कुंवर विजय प्रताप सिंह की अगुवाई वाली SIT ने कई अहम खुलासे किए और आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की, लेकिन 2021 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उसकी कार्रवाई रद्द कर दी थी।
- फिलहाल एडीजीपी नौनिहाल सिंह के नेतृत्व वाली SIT मामले की जांच कर रही है। इसी SIT के सामने पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह और ज्ञानी हरप्रीत सिंह के बयान दर्ज किए गए हैं।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












