Showroom पर फायरिंग की साजिश का पुलिस ने किया पर्दाफाश, हथियार बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर चलाई गोली; जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-जालंधर: शहर में एक शोरूम पर फायरिंग की कथित साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों के साथ एक महिला को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, हथियार बरामदगी के दौरान जमशेरपुर स्थित डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी की पहचान सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस, निवासी तरनतारन के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
जानकारी के अनुसार पुलिस ने सरकारी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों की जांच शुरू की थी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर शहर के एक शोरूम पर फायरिंग करने की योजना बना रहे थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात के लिए हथियार जमशेरपुर इलाके में छिपाए थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस सुखजिंदर उर्फ प्रिंस को हथियार बरामद करने के लिए जमशेरपुर के डेयरी कॉम्प्लेक्स के पास लेकर पहुंची।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। मौके से गोली का खोल भी बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर कुल तीन गोलियां चलने की बात सामने आई है।
शोरूम पर फायरिंग की थी कथित योजना
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि पिछले शनिवार को एक शोरूम को निशाना बनाकर फायरिंग की योजना तैयार की गई थी। हालांकि शोरूम मालिक को किसी तरह की धमकी भरी कॉल नहीं मिली थी।
सीपी के अनुसार पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई। उन्होंने बताया कि तरनतारन के काका कंडियाला गांव से दो युवक इस कथित वारदात को अंजाम देने के लिए आने वाले थे, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।
पुलिस के मुताबिक सुखजिंदर सिंह उर्फ प्रिंस और सहजदीप ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की थी और बाद में हथियार जमशेरपुर इलाके में छिपा दिए थे।
तीसरे आरोपी की तलाश, मां भी गिरफ्तार
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपियों के गांव का जशनप्रीत भी कथित साजिश में शामिल था। हालांकि वह वारदात के समय उनके साथ नहीं आया था। पुलिस के अनुसार तीनों ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।
सीपी सतिंदर सिंह ने बताया कि जशनप्रीत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक जशनप्रीत की मां को भी कथित साजिश की जानकारी थी, जिसके चलते उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों तथा इस साजिश से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











