Jalandhar Factory Fire के बाद बस्ती पीर दाद रोड पर मचा हड़कंप, रिहायशी इलाके के घर खाली करवाए गए
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-Jalandhar Factory Fire: जालंधर। बस्ती पीर दाद रोड स्थित मोदी मैट्स की गद्दों की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। करीब 9 बजे लोगों ने फैक्ट्री से धुआं उठता देखा, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।बसूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। फैक्ट्री के अंदर कैमिकल और ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे दमकल कर्मियों को इसे बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आग बुझाने के लिए कई फायर टेंडर मौके पर लगाए गए हैं।
रिहायशी इलाके में फैक्ट्री होने से बढ़ी चिंता
लोगों के अनुसार फैक्ट्री पिछले कई वर्षों से इलाके में चल रही थी और इसके आसपास बड़ी संख्या में रिहायशी मकान हैं। आग लगने के बाद आसपास के घरों में रहने वाले लोग भी घबरा गए। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ घरों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद आसमान में काले धुएं का गुबार उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग के तेजी से फैलने के कारण वे सफल नहीं हो सके।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। फैक्ट्री मालिक और पुलिस भी मौके पर पहुंच गए हैं। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही फैक्ट्री के अंदर हुए नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











