Jalandhar Mariton Hotel Fight में एक व्यक्ति के सिर और दूसरे के जबड़े में चोट, होटल स्टाफ पर महिला से बदसलूकी के आरोप
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-Jalandhar Mariton Hotel Fight: जालंधर के मेरिटन होटल में शनिवार देर रात पार्टी के दौरान अचानक विवाद खड़ा हो गया। पार्टी में शामिल लोगों और होटल के स्टाफ व बाउंसरों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पार्टी आयोजक रवि के मुताबिक, रात करीब 3 बजे खाने की सर्विस को लेकर होटल कर्मचारियों से बात की गई थी। उनका आरोप है कि तय व्यवस्था के अनुसार खाना उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा था। इसी बात को लेकर पार्टी में मौजूद भल्ला ने होटल मैनेजर से बातचीत की, लेकिन बात बढ़ते-बढ़ते विवाद में बदल गई।
बताया जा रहा है कि पार्टी में डांस परफॉर्मेंस के लिए युवतियों को बुलाया गया था। आरोप है कि उनके साथ होटल स्टाफ का व्यवहार ठीक नहीं था। इसी दौरान एक महिला के साथ कथित तौर पर गलत तरीके से छूने का आरोप लगा, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।
बीच-बचाव करने पर हमला करने का आरोप
भल्ला का आरोप है कि वह डांस करने वाली युवती के साथ कथित बदसलूकी का विरोध करने और उसे बचाने पहुंचे थे। इसी दौरान होटल के कुछ कर्मचारियों, मैनेजर रजत और बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनके सिर पर चोट लगी।
भल्ला ने होटल संचालक को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि विवाद के दौरान उन्होंने अपनी पहचान और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने की बात भी बताई, लेकिन इसके बावजूद उनकी बात नहीं सुनी गई।
पत्नी से गलत व्यवहार का आरोप, विरोध पर मुक्का मारने का दावा
पार्टी में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने आरोप लगाया कि होटल में उसकी पत्नी के साथ गलत तरीके से छुआ गया। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके चेहरे पर मुक्का मार दिया गया। उसके मुताबिक, इस हमले में जबड़े पर चोट लगी है।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना कैंट की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
मामले की जानकारी मिलने पर जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा भी होटल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि होटल के पार्टनर्स के बीच चल रहा पुराना विवाद दो दिन पहले ही सेंट्रल हलका इंचार्ज नितिन कोहली और जालंधर के मेयर विनीत धीर की मौजूदगी में सुलझाया गया था। इसके बावजूद अब होटल में एक बार फिर विवाद सामने आने से मामला चर्चा में है।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











