Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » जालंधर CT इंस्टीट्यूट में छात्रों के बीच झड़प, तोड़फोड़ का वीडियो सामने आया 📢

जालंधर CT इंस्टीट्यूट में छात्रों के बीच झड़प, तोड़फोड़ का वीडियो सामने आया 📢

CT Institute Jalandhar में कैंटीन में खाने को लेकर विवाद के बाद छात्रों के बीच झड़प, तोड़फोड़ और हंगामे से कैंपस में तनाव की स्थिति बनी।

✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन 

जालंधर। पीटीएन न्यूज 

📰:-जालंधर: जालंधर के CT इंस्टीट्यूट के शाहपुर कैंपस में गुरुवार को छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद तनाव की स्थिति बन गई। छात्रों के बीच मारपीट और कैंपस में तोड़फोड़ के वीडियो सामने आए हैं। घटना में कई छात्रों के घायल होने की बात कही जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विवाद कैंपस की कैंटीन में खाने को लेकर शुरू हुआ। बिहार से जुड़े कुछ छात्रों का आरोप है कि उन्हें दिए जा रहे खाने में कथित तौर पर टैबलेट/टैबलेट के रैपर जैसी चीज मिलने के बाद उन्होंने संस्थान प्रबंधन और कैंटीन संचालक से शिकायत की थी। छात्रों के मुताबिक, वे पिछले दो दिनों से बेहतर भोजन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान छात्रों के बीच कहासुनी बढ़ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। छात्रों के आरोपों के मुताबिक, मौके पर डंडे और बैट से मारपीट हुई तथा हॉस्टल के कुछ कमरों में कांच टूट गया। कुछ वीडियो में युवकों के हाथों में बैट और लोहे की रॉड जैसी वस्तुएं भी दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

छात्रों के मुताबिक, घटना में करीब 5 से 6 विद्यार्थी घायल हुए हैं। एक छात्र के सिर पर चोट लगने की बात सामने आई है, जबकि एक अन्य छात्र के पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। घायलों की स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है।

पुलिस ने हथियारों से हमले की बात से किया इनकार

घटना की सूचना मिलते ही थाना-5 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के मुताबिक, विवाद कैंटीन में खाने को लेकर हुआ था। पुलिस ने छात्रों के बीच हथियार चलने की बात से इनकार किया है।

थाना-5 के SHO यादविंदर सिंह ने बताया कि कुछ छात्रों द्वारा विवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने समय रहते स्थिति संभाल ली। उनके अनुसार, दोनों पक्षों के छात्रों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, संबंधित छात्र प्रथम वर्ष के हैं और उनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष है।

ईंट-पत्थर फेंकने का भी वीडियो सामने आया

सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में पुलिसकर्मी छात्रों को समझाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान कैंपस की दूसरी तरफ से कथित तौर पर ईंट-पत्थर फेंके जाते दिखाई दे रहे हैं। एक छात्र पुलिस से शिकायत करता हुआ भी सुनाई दे रहा है।

कैंपस के अंदर टूटे हुए कांच और बिखरा सामान भी वीडियो में दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कैंपस में मौजूद लोगों को शांत कराया।

पुलिस कर रही जांच

एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जिस पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस छात्रों के बयान दर्ज कर रही है और सामने आए वीडियो तथा घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मामले में आधिकारिक तौर पर किसी पक्ष को दोषी ठहराने से पहले पुलिस जांच पूरी होना जरूरी है।

Satyamm safri
Author: Satyamm safri

“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishers

राशिफल