Barnala Lathicharge Protest के विरोध में हजारों लोग सड़कों पर उतरे, डीएसपी सतबीर सिंह को बर्खास्त करने की उठी मांग
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर। बरनाला में सफाई सेवादार महिलाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में रविवार को पूरे पंजाब में वाल्मीकि समाज के आह्वान पर पंजाब बंद का व्यापक असर देखने को मिला। मेडिकल स्टोर और अस्पतालों जैसी आवश्यक सेवाओं को छोड़कर अधिकांश बाजार, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे। कई जिलों में वाल्मीकि समाज की ओर से शांतिपूर्ण रैलियां और रोष मार्च निकाले गए।
- जालंधर में भी पंजाब बंद के समर्थन में वाल्मीकि समाज ने विशाल रैली निकाली, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिलों पर सवार होकर रैली का हिस्सा बने और समाज के समर्थन में एकजुटता का संदेश दिया। रैली के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बरनाला की घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।
- समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार द्वारा डीएसपी सतबीर सिंह को निलंबित किया जाना पहला कदम है, लेकिन केवल निलंबन पर्याप्त नहीं है। उन्होंने पंजाब सरकार से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी को सेवा से बर्खास्त किया जाए और पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जाए।
- रैली के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वाल्मीकि समाज अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराने की अपील भी की।
- जालंधर में निकाली गई रैली में विपन सभ्रवाल, हैप्पी सोंधी, दीपक तेलू, राजीव गोरा, चेतन नाहर, गुलजार खोसला, हरीश महिमा, विक्की, अज्जू और ऋषि सोंधी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं वंश गिल, शिवम शर्मा और गौरव खोसला ने भी रैली में सक्रिय रूप से भाग लेकर समाज के समर्थन में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
- पंजाब बंद के मद्देनजर जालंधर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। दिनभर बंद और रैलियां शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












