Jalandhar Murder Case में चौहान कॉलोनी के 28 वर्षीय सिलाई कारीगर सोनू की हत्या के बाद दोस्त मनदीप उर्फ बिट्टे और उसकी पत्नी को CCTV फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया गया।
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर के थाना डिवीजन नंबर-5 क्षेत्र की चौहान कॉलोनी में 28 वर्षीय सिलाई कारीगर सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक की मां द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद पुलिस ने जांच के दौरान CCTV फुटेज खंगाले, जिनमें सोनू का दोस्त मनदीप सिंह उर्फ बिट्टे और उसकी पत्नी रेहड़ी पर शव ले जाते हुए दिखाई दिए। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
- परिजनों के अनुसार, सोनू रोज की तरह काम पर गया था लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। देर रात तक तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह चौहान कॉलोनी की गली नंबर-5 में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज
- पुलिस जांच के दौरान आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज में मनदीप सिंह उर्फ बिट्टे और उसकी पत्नी शव को एक जुगाड़ू रेहड़ी पर ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज में दोनों शव को घटनास्थल पर फेंककर फरार होते नजर आए। इसी सबूत के आधार पर पुलिस ने दंपति को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया।
मां ने पहले ही लगाया था दोस्त पर शक
- मृतक की मां ने शुरुआत से ही सोनू के दोस्त बिट्टे पर हत्या का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि आरोपी पहले भी कई बार सोनू के साथ मारपीट कर चुका था और दोनों के बीच पुरानी रंजिश थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले कई बार सोनू का मोबाइल फोन भी जबरन छीन चुका था।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
- पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार मनदीप सिंह पहले भी कई मामलों में नामजद रह चुका है। वह एक मामले में भगोड़ा घोषित हो चुका था और करीब दो साल जेल की सजा भी काट चुका है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह और वारदात के तरीके का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस का बयान
- एसीपी आतिश भाटिया ने बताया कि सुबह बस्ती शेख क्षेत्र से शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी भेजा गया। परिजनों के आरोप, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











