Jalandhar Abadpura Washing Machine Fraud मामले में ₹500 गिरवी के बाद नई मशीन लौटाने से इनकार, पीड़ित ने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर के अबादपुरा इलाके से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां महज ₹500 के लेन-देन के कारण एक परिवार को अपनी करीब ₹18,000 की नई वॉशिंग मशीन से हाथ धोना पड़ा। पीड़ित परिवार ने एक स्थानीय कबाड़ व्यापारी पर धोखाधड़ी, मारपीट और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। वहीं परिवार का कहना है कि कई दिन बीतने के बावजूद पुलिस ने उनकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
- परिवार के अनुसार, अमरीक सिंह के भाई को अचानक पैसों की जरूरत पड़ गई थी। मजबूरी में उसने घर की नई वॉशिंग मशीन एक स्थानीय कबाड़ी के पास सिर्फ ₹500 में गिरवी रख दी। जब यह बात परिवार को पता चली तो मां ने तुरंत ₹500 का इंतजाम किया और करीब एक से डेढ़ घंटे के भीतर पैसे लेकर मशीन वापस लेने पहुंच गईं।
- आरोप है कि दुकानदार ने मशीन लौटाने से साफ इनकार कर दिया और कहा कि उसके पास ऐसी कोई मशीन आई ही नहीं। विरोध करने पर वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। कभी उसने कहा कि मशीन आगे बेच दी गई है, तो कभी दावा किया कि मशीन कबाड़ में तोड़ दी गई।
- पीड़ित महिला का आरोप है कि दोबारा मशीन मांगने पर दुकानदार और उसकी पत्नी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि वे चाहें डीसी या एसपी के पास शिकायत कर दें, मशीन वापस नहीं मिलेगी।
- परिवार का यह भी आरोप है कि घटना के 3-4 दिन बाद भी पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। पहले उन्हें मॉडल टाउन थाने से भार्गव कैंप थाना भेजा गया और फिर संबंधित थाना अबादपुरा पहुंचने पर भी उनकी जीरो एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। पीड़ित परिवार अब न्याय की मांग कर रहा है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











