सोशल मीडिया विज्ञापन के जरिए फंसाए गए लोग, वीजा और विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये लेने के आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर में विदेश भेजने के नाम पर कथित ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। पिम्स अस्पताल के पास स्थित ‘किंगडम कंसल्टेंसी’ ट्रैवल एजेंसी के खिलाफ कई पीड़ित परिवारों ने मोर्चा खोल दिया। आरोप है कि एजेंसी ने कनाडा भेजने और वीजा लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए, लेकिन न तो वीजा लगवाया गया और न ही रकम वापस की गई। परेशान पीड़ितों ने एजेंसी के दफ्तर के बाहर जमकर हंगामा किया और थाना-7 पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
*सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर किया संपर्क*
- पीड़ित महिला मंजू ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर किंगडम कंसल्टेंसी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन से प्रभावित होकर वह एजेंसी के जालंधर स्थित कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्हें कनाडा भेजने का भरोसा दिलाया गया। मंजू के अनुसार, एजेंसी ने उनसे करीब 7.40 लाख रुपये ले लिए, लेकिन महीनों बीतने के बावजूद न तो वीजा आया और न ही कोई सकारात्मक जवाब मिला।
*माइनर वीजा के नाम पर 4 लाख रुपये ठगने का आरोप*
- नंगलपुर निवासी परमजीत कौर ने भी एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में कनाडा जाने के लिए माइनर वीजा की फाइल लगवाई थी। एजेंसी ने तीन महीने के भीतर वीजा मिलने का आश्वासन दिया था, लेकिन न वीजा मिला और न ही 4 लाख रुपये वापस किए गए।
*पुलिस पहुंची तो दफ्तर पर लगा मिला ताला*
- थाना-7 के जांच अधिकारी एएसआई पलविंदर सिंह के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि पिम्स अस्पताल के सामने स्थित ट्रैवल एजेंट के कार्यालय के बाहर लोग हंगामा कर रहे हैं। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो एजेंट और उसका स्टाफ दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो चुके थे।
*शिकायत दर्ज, जांच शुरू*
- पुलिस ने पीड़ित परिवारों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥








