बाबा बनकर पूछा गुरुद्वारे का पता, युवक-युवती ने बनाया शिकार; थाना-6 में शिकायत दर्ज
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:- जालंधर शहर के दियोल नगर में दवाई की दुकान चलाने वाले और मॉडल टाउन निवासी हरकिरत सिंह उर्फ टिंकू को मंगलवार को गुरु तेग बहादुर नगर इलाके में शातिर लुटेरों ने अपना शिकार बना लिया। आरोपियों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर उनकी करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठी उतरवा ली और फरार हो गए।
- पीड़ित हरकिरत सिंह ने बताया कि वह गुरु तेग बहादुर नगर क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी एक व्यक्ति, जो बाबा के वेश में था, ने उन्हें रोककर गुरुद्वारा साहिब का पता पूछा। इसी दौरान एक युवक और एक युवती मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने किसी नशीले पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिसके बाद हरकिरत सिंह बेसुध हो गए।
- उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनकी सोने की अंगूठी उतार ली। अंगूठी की कीमत करीब 1.5 लाख रुपये बताई जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनका कड़ा उतारने की भी कोशिश की, लेकिन वह नहीं निकल सका।
- हरकिरत सिंह के अनुसार, कुछ देर बाद एक अन्य मोटरसाइकिल सवार वहां पहुंचा और पता पूछने वाले व्यक्ति को अपने साथ लेकर फरार हो गया। जब उन्हें होश आया तो उन्हें घटना का पता चला।
- पीड़ित ने बताया कि इस गिरोह में एक युवती समेत कुल तीन लोग शामिल थे। घटना की शिकायत थाना नंबर-6 में दर्ज करवा दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥









