हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़के परिजन, SHO के निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- जालंधर के थाना बस्ती बावा खेल के बाहर सोमवार को मृतक तनिष अरोड़ा उर्फ नन्नी के परिजनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस हत्या मामले की जांच में लापरवाही बरत रही है और जिन लोगों पर उन्हें हत्या का शक है, उन्हें पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
- मृतक के भाई मनीष अरोड़ा और बहन प्रीति ने बताया कि उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ लोगों के नाम पुलिस को बताए थे। उनका दावा है कि संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया, लेकिन पुलिस ने उन्हें जांच में दोषी न पाए जाने की बात कहकर छोड़ दिया।
- आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने थाना बस्ती बावा खेल के बाहर धरना देकर इंसाफ की मांग की। प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
- गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पुलिस ने शेर सिंह कॉलोनी स्थित एक मकान से तिरपाल में लिपटा तनिष अरोड़ा का शव बरामद किया था। शुरुआती जांच में पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की थी, लेकिन परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गहन जांच की मांग की।
- मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी जय इंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को निष्पक्ष व गहन जांच का भरोसा दिया। शो के आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












