-स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में रनरअप रही टीम का बढ़ाया हौसला, यूथ फुटबॉल क्लब को 1.01 लाख रुपये देने का किया ऐलान
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर, 7 जून
- 📰:-पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष जसवीर सिंह गढ़ी ने शनिवार को गोराया और फिल्लौर ब्लॉक के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याओं को सुना और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने गांव रुड़का कलां, रुड़की, अकलपुर, गांव गन्ना और गोराया के मोहल्ला लांगड़ियां में पहुंचकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। लोगों से बातचीत के दौरान चेयरमैन गढ़ी ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उनका समाधान करवाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का जल्द निपटारा कराने का भी भरोसा दिलाया।
—-
स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर रनरअप रहने वाली टीम के खिलाड़ियों को किया प्रोत्साहित
- अपने दौरे के दौरान जसवीर सिंह गढ़ी गांव रुड़का कलां स्थित यूथ फुटबॉल क्लब (वाई.एफ.सी.) भी पहुंचे। यहां उन्होंने मैक्सिको में आयोजित स्ट्रीट चाइल्ड वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर रनरअप रहने वाली टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्होंने क्लब को 1 लाख 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।उन्होंने कहा कि यूथ फुटबॉल क्लब जैसे संस्थान युवाओं को खेलों से जोड़कर समाज को नई दिशा दे रहे हैं। ऐसे प्रयासों से युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए पंजाब सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
—-
3000 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे
- गढ़ी ने कहा कि राज्य सरकार ने ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन दिया है। इसके अलावा आधुनिक सुविधाओं से युक्त 3000 से अधिक खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और संसाधन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
—-
खिलाड़ियों को दी बधाई
- इस अवसर पर उन्होंने वाई.एफ.सी. के चेयरमैन गुरमंगल दास, क्लब की प्रबंधक कमेटी और खिलाड़ियों को बधाई दी। साथ ही डेरा बाबा भाई साधू जी, सरपंच इकविंदर कौर और गांववासियों द्वारा युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों से जोड़ने के प्रयासों की भी सराहना की।
—-
धार्मिक स्थलों पर माथा टेक लिया आशीर्वाद
- दौरे के दौरान चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने मंदिर बाबा श्री बालक नाथ जी, गोराया, डेरा बाबा भाई साधू जी, रुड़का कलां और डेरा बाबा ब्रह्मदास, अकलपुर में माथा टेककर प्रदेश की खुशहाली और लोगों की समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने भगवान वाल्मीकि आश्रम प्रबंधक कमेटी, गोराया के सदस्यों के साथ बैठक भी की। बैठक में आश्रम के नजदीक बने कूड़े के डंप को हटाने की मांग उठाई गई, जिस पर उन्होंने नगर परिषद गोराया को आवश्यक निर्देश जारी कर जल्द समाधान करवाने का भरोसा दिया।
—-
लोगों की सुनी समस्याएं
- अपने दौरे के अंतिम चरण में चेयरमैन गांव गन्ना पहुंचे, जहां उन्होंने अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को सरकार तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का समाधान करवाना आयोग की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लोगों के सभी जायज मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करवाया जाएगा और सामाजिक भाईचारे को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











