
जिला टूर्नामेंट कमेटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए, 100 खेल हस्तियों को किया सम्मानित
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर, 10 अप्रैल : पंजाब के बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी एवं रक्षा सेवाएं कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने आज स्कूल खेलों को सुचारू ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रिंसिपलों और शिक्षकों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार की खेलों को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
यहां ला ब्लासम स्कूल में जिला टूर्नामेंट कमेटी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के दौरान संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य को “रंगला पंजाब” बनाने के लिए खेल संस्कृति को और अधिक विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा पंजाब को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने खेलों के लिए 1790 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। इस मौके पर ‘आप’ नेता राजविंदर कौर थियाड़ा भी मौजूद थीं।
श्री भगत ने पढ़ाई के साथ-साथ खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलों से न केवल स्वस्थ जीवनशैली मिलती है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क, खेल भावना और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित होते हैं, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद जरूरी हैं।
कैबिनेट मंत्री ने जिला टूर्नामेंट कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए पदाधिकारियों से पंजाब का नाम विश्व स्तर पर रोशन करने के लिए और अधिक मेहनत करने का आह्वान किया।
विशेष अतिथि राजिंदर कौर थियाड़ा ने सम्मानित हस्तियों को बधाई देते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने शिक्षा और खेल के क्षेत्र में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
समारोह के दौरान करीब 100 खेल हस्तियों को जिला स्तर पर उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें हरमेश लाल घेरा (स्टेट अवॉर्डी), डॉ. जतिंदर साबी, प्रिंसिपल जतिंदर कुमार, प्रिंसिपल सुखदेव लाल बब्बर, प्रिंसिपल भूपिंदर पाल सिंह, प्रिंसिपल परमिंदर फ्लोरा, प्रिंसिपल दिनेश कुमार सहित कई प्रिंसिपल और मुख्य अध्यापक शामिल थे।
इससे पहले जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) एवं जिला टूर्नामेंट कमेटी की अध्यक्ष डॉ. गुरिंदरजीत कौर (नेशनल अवॉर्डी) और उप जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) राजीव जोशी (स्टेट अवॉर्डी) ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि और अन्य मेहमानों का स्वागत किया।
अंत में डीटीसी जालंधर के जनरल सेक्रेटरी (स्टेट अवॉर्डी) बलजीत सिंह ढिल्लों ने मुख्य अतिथि, सभी प्रिंसिपलों और शिक्षकों का धन्यवाद किया।
इस मौके पर जिला स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर-कम-डीएम स्पोर्ट्स अमन कौंडल, अंतरराष्ट्रीय जूडो कोच व लेक्चरर सुरिंदर कुमार सहित जिले के विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, मुख्य अध्यापक और शारीरिक शिक्षा के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




