
फ़ोटो इंटरनेट के सौजन्य से
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर: शहर के थाना नंबर 6 में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब 10वीं कक्षा के एक छात्र को पुलिस हिरासत में लेने के बाद परिजनों ने देर रात थाने के बाहर हंगामा कर दिया। परिवार का आरोप है कि 17 वर्षीय छात्र को बिना स्पष्ट जानकारी के कई घंटों तक थाने में बैठाए रखा गया और उन्हें मिलने भी नहीं दिया गया।
परिजनों ने कहा कि पुलिस दोपहर में छात्र को घर से उठाकर ले गई। जब परिवार उसे तलाशते हुए अलग-अलग थानों में पहुंचा, तब देर रात पता चला कि उसे थाना नंबर 6 में रखा गया है। लेकिन वहां पहुंचने पर पुलिस ने गेट बंद कर दिया और अंदर जाने से रोक दिया।
*मां ने दी जान देने की चेतावनी*
छात्र की मां ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि उनका बेटा कई घंटों से पुलिस कस्टडी में है, लेकिन अब तक यह नहीं बताया गया कि उसे क्यों पकड़ा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके बेटे को कुछ हुआ, तो वह थाने के बाहर ही अपनी जान दे देंगी।
परिजनों का कहना है कि पुलिस का रवैया अमानवीय है और एक नाबालिग के साथ ऐसा व्यवहार करना गलत है।
*पिता ने भी उठाए सवाल*
छात्र के पिता ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि वे दोपहर से ही अपने बेटे की तलाश में शहर के कई थानों के चक्कर काट रहे थे। जब वे थाना नंबर 6 पहुंचे, तो पुलिसकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोका और कथित तौर पर डराया-धमकाया।
*पुलिस का पक्ष भी आया सामने*
वहीं, पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एक मोबाइल छीनने के मामले में की गई है। जानकारी के मुताबिक, एक नाबालिग लड़की से मोबाइल फोन छीनने की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर शक के चलते छात्र को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। वही पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
झपटमारी के मामले में उठाया युवक को: एसएचओ
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




