522 ग्राम हेरोइन बरामद, कार भी जब्त
शिवम, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर का एक युवक जो पहले इंजीनियर बना लेकिन जल्दी पैसे कमाने के चक्कर में नशा तस्कर बन गया। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने उसे हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया।
पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) जालंधर रेंज को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने 522 ग्राम हेरोइन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशे के साथ-साथ एक कार भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल तस्करी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान नवदीप सिंह उर्फ सोनू पुत्र लखबीर सिंह निवासी गांव गन्ना पिंड, थाना फिल्लौर, जिला जालंधर ग्रामीण के रूप में की है। आरोपी के पास से 522 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। इसके अलावा सफेद रंग की इको स्पोर्ट कार (नंबर PB-08-CP-0309) भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई एएनटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक नीलाभ किशोर के निर्देशों और एआईजी जगजीत सिंह सरोया तथा डीएसपी सुखविंदर सिंह की निगरानी में की गई। इस संबंध में एएनटीएफ थाना एसएएस नगर (मोहाली) में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत केस नंबर 47, दिनांक 4 मार्च 2026 को दर्ज किया गया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और फिलहाल खेती करता है। बुरी संगत के कारण वह पहले खुद नशा करने लगा और बाद में अधिक कमाई के लालच में नशा बेचने लगा। पुलिस अब उससे तस्करी के पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है और जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




