
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
जिले में ‘मेरी रसोई’ योजना संबंधी चल रही प्रक्रिया का लिया जायजा
📰:-जालंधर, 28 मार्च : पंजाब राज्य खुराक आयोग के चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने आज अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान स्कूलों में फलदार, हर्बल और सब्जियों के गार्डन बनाने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को खाने के लिए पौष्टिक खुराक उपलब्ध हो सके।
यहाँ सर्किट हाउस में खुराक एवं सिविल सप्लाई, शिक्षा, बागबानी, खेतीबाड़ी समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने स्कूलों के किचन गार्डनों में रासायनिक खादों के बजाय जैविक खाद इस्तेमाल करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को गुणवत्ता भरी फल और सब्जियां मिल सकें।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि मिड-डे मील कुक वर्करों को प्रशिक्षण देने के लिए सालाना कैलेंडर बनाया जाए, ताकि उन्हें खाने से संबंधित जरूरी हिदायतों के बारे में जागरूक किया जा सके। इसके अलावा उन्होंने बागबानी विभाग के अधिकारियों को स्कूलों में जाकर किचन गार्डन संबंधी संबंधितों को जरूरी प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के 1025 सरकारी स्कूलों में किचन गार्डन चल रहे है।
चेयरमैन बाल मुकंद शर्मा ने जिले में ‘मेरी रसोई’ योजना संबंधी चल रही प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत राज्य के 40 लाख नीला कार्ड धारकों को आने वाले दिनों में गेहूं के साथ-साथ तिमाही राशन भी उपलब्ध करवाया जाएगा, जिसमें दो किलो मूंग की दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, एक किलो सरसों का तेल और 200 ग्राम हल्दी शामिल होगी।
इस मौके पर उन्होंने डिपो द्वारा की जा रही गेहूं की बंटवारे का भी जायजा लिया। डी.एफ.एस.सी. नरिंदर सिंह ने बताया कि जिले में 2 लाख 70 हजार कार्ड धारक और 10 लाख 20 हजार सदस्य है। उन्होंने बताया कि जनवरी 2026 से मार्च 2026 के सर्कल के तहत 90 फीसदी लाभार्थियों को गेहूं की बंटवारा किया जा चुका है।
चेयरमैन ने बैठक के दौरान मिड-डे मील की गुणवत्ता, रसोइयों की सफाई, खाने-पीने की वस्तुओं की सुरक्षित स्टोरेज पर विशेष जोर दिया। उन्होंने इस मौके पर मिड-डे मील के लिए स्कूलों को समय पर गेहूं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डिप्टी डायरेक्टर बागबानी नरिंदरपाल सिंह कलसी, मुख्य खेतीबाड़ी अधिकारी जसविंदर सिंह, जिला प्रोग्राम अधिकारी मनजिंदर सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी गुरिंदरजीत कौर, डी.एम. मार्कफेड इंदरजीत सिंह, डी.एम. पनसप गुरविंदर सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजीव जोशी, उप जिला शिक्षा अधिकारी (एली.) मनीष कुमार तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




