
✍🏻 शिवम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:- चंडीगढ़: पंजाब को पहली बार एशियन हॉकी चैंपियनशिप की मेज़बानी का मौका मिला है। इस ऐतिहासिक आयोजन की घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।
सीएम ने बताया कि इस टूर्नामेंट में एशिया की टॉप 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत और पाकिस्तान के खेलने की भी पूरी संभावना है। अगर ऐसा होता है तो फैंस को हाई-वोल्टेज भारत-पाक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
यह अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट पंजाब के मोहाली और जालंधर में आयोजित किया जाएगा, जिसका पहला मैच 26 अक्टूबर को खेला जाएगा।
इस मौके पर सीएम ने राज्य के खिलाड़ियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। महिला हॉकी वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रही पंजाब की तीन खिलाड़ियों को डेढ़-डेढ़ करोड़ रुपये देने का ऐलान किया गया है, जो जल्द उनके खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके साथ ही खिलाड़ियों का डाइट अलाउंस बढ़ाकर 480 रुपये कर दिया गया है और उनके लिए अलग से शेफ की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि उन्हें बेहतर ट्रेनिंग माहौल मिल सके।
सीएम ने खेल बजट को 350 करोड़ से बढ़ाकर 1791 करोड़ रुपये करने की भी जानकारी दी। ओलंपिक की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये और एशियन गेम्स के लिए 8 लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा 9 खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी की नौकरी दी गई है। राज्य में कोच की संख्या 500 से बढ़ाकर 2458 कर दी गई है, जिसमें 324 नए कोच भर्ती किए गए हैं और 48 खिलाड़ियों को कोच के रूप में नियुक्त किया गया है।
सीएम ने केंद्र सरकार पर फंड रोकने के आरोप भी लगाए और विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि अगर मेडल की वोट होती, तो खिलाड़ियों को और भी बेहतर सुविधाएं मिलतीं।
यह आयोजन पंजाब के खेल इतिहास में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य में हॉकी को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




