फायरिंग में इस्तेमाल मोटरसाइकिल की नकली नंबर प्लेट तैयार करने का आरोप, अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार छापेमारी
सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर, 26 जून 2026। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर में हाल ही में हुई फायरिंग और दहशत फैलाने की घटना से जुड़े मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही इस मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है। जानकारी के अनुसार, पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों तथा डीसीपी इन्वेस्टिगेशन मनप्रीत सिंह (पीपीएस), एडीसीपी-2 राकेश यादव (पीपीएस) और एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया (पीपीएस) की निगरानी में थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस टीम ने इस मामले की गहन जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने फायरिंग की घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट की पड़ताल की, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार, थाना डिवीजन नंबर-5 में 20 जून 2026 को एफआईआर नंबर 139 दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं। पुलिस जांच में पता चला कि फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी, जिसे विशेष रूप से इस वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से तैयार कराया गया था। आरोपी की पहचान रिशव पुत्र सुनील कुमार, निवासी गांव कलीजपुर, थाना दीनानगर, जिला पठानकोट के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 25 जून 2026 को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की भूमिका फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने में सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने के पीछे किसका निर्देश था। कमिश्नरेट पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद नंबर प्लेट तैयार करने वाले दुकानदारों को भी सख्त चेतावनी जारी की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना वाहन की जांच और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के कोई भी नंबर प्लेट तैयार नहीं की जानी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। कमिश्नरेट पुलिस ने दोहराया है कि शहर में अपराध और दहशत का माहौल बनाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











