
जालंधर में रातों-रात तीन दुकानों पर धावा, लाखों का सामान साफ;
नकोदर में एक ही परिसर को बनाया निशाना, एसी-फ्रिज समेत गैस सिलेंडर और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-जालंधर के नकोदर इलाके में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ही परिसर में स्थित तीन दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान उड़ा लिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके पर ही आराम से बीयर पीकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, समाज सेवक बॉबी शर्मा के ऑफिस परिसर में बनी दुकानों में यह चोरी हुई। रात के समय चोरों ने पहले ऑफिस को निशाना बनाया, जहां से एसी और फ्रिज गायब मिले। सुबह जब बॉबी शर्मा मौके पर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला।
मामले में पास ही चाय बेचने वाले व्यक्ति ने बताया कि सुबह उसने ऑफिस के बाहर फ्रिज पड़ा देखा, जिसके बाद शक गहराया। जांच करने पर सामने आया कि चोर फ्रिज से बीयर निकालकर पी गए और फिर फरार हो गए।
इसके अलावा, पास की एक दुकान से गैस सिलेंडर और पंखे भी चोरी हो गए। वहीं एक अन्य दुकानदार, जिसकी दुकान का पिछला हिस्सा उसी परिसर से जुड़ता है, वहां से ग्राइंडर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




