
मंत्री अमन अरोड़ा बोले—नई योजना से गांवों की सुरक्षा और सुविधाएं होंगी बेहतर
✍🏻 सत्यम, रिपोर्टर, पीटीएन
📰:-पंजाब सरकार ने ग्रामीण इलाकों में रोशनी बढ़ाने के लिए ‘रोशन पंजाब’ योजना को आगे बढ़ाते हुए बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने जालंधर के सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि इस योजना के तहत राज्य के करीब 13 हजार गांवों में स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब को बेहतर बुनियादी सुविधाओं वाला राज्य बनाना है। इसी दिशा में सड़क निर्माण, हेल्थ कार्ड और अब स्ट्रीट लाइट्स जैसे फैसले लिए जा रहे हैं, ताकि आम लोगों को सीधा फायदा मिल सके।
इस प्रोजेक्ट के तहत राज्य में 3 लाख से अधिक नई स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी। पहले लगाई गई कई लाइट्स खराब हो चुकी थीं, जिससे मेंटेनेंस की समस्या आती थी। अब नई व्यवस्था में इन खामियों को दूर करने पर जोर दिया गया है।
नई स्कीम में फंडिंग पैटर्न भी बदला गया है। अब कुल खर्च का 70 प्रतिशत हिस्सा राज्य सरकार वहन करेगी, जबकि 30 प्रतिशत पंचायतों को देना होगा। पहले इसका उल्टा अनुपात था, जिससे पंचायतों पर ज्यादा बोझ पड़ता था।
मेंटेनेंस को बेहतर बनाने के लिए लाइट्स पर क्यूआर कोड और जियो-टैगिंग की सुविधा दी जाएगी। इससे खराबी की जानकारी सीधे कंट्रोल सेंटर तक पहुंचेगी और 3 दिनों के भीतर उसे ठीक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, कंपनियों को 7 साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी दी जाएगी।
सरकार का कहना है कि इन लाइट्स को पहले अस्पतालों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगाया जाएगा। इसके बाद अन्य गांवों और कॉलोनियों में काम किया जाएगा। इससे रात के समय आवाजाही आसान होगी और अपराध की घटनाओं में भी कमी आने की उम्मीद है।
करीब 600 करोड़ रुपये की लागत वाला यह प्रोजेक्ट ग्रामीण इलाकों में सुरक्षा और सुविधा दोनों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












