
सत्यम,रिपोर्टर,पीटीएन
जालंधर जिले के गोराया कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई जब मुख्य चौक पर एक युवक पर कुछ हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान गांव राजगुमाल के रहने वाले जसविंदर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक लड़की से बातचीत को लेकर हुई थी, जो समय के साथ बढ़ता गया।
घटना उस समय हुई जब जसविंदर अपनी कार से गोराया के मुख्य चौक पर पहुंचा। वहां पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया। जैसे ही वह कार से बाहर निकला, आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और बाद में तेजधार हथियारों से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों में इस घटना के बाद काफी दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में पुलिस की मौजूदगी कम हो गई है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़े हैं।
घायल युवक को तुरंत एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
वहीं, घटना को लेकर लोगों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी देखी जा रही है। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यहां पुलिस की नियमित तैनाती रहती थी, लेकिन अब सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Author: punjabtimesnow
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥




