Punjab Youth Run 2026 में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने लिया हिस्सा, नशे को ना और फिटनेस को हां का दिया संदेश।
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-जालंधर: मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क में रविवार सुबह Punjab Youth Run 2026 का भव्य आयोजन किया गया। “हंसता, खेलता और रंगला पंजाब” की थीम के तहत आयोजित इस 5 किलोमीटर रन में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश “Say No to Drugs, Say Yes to Fitness” रहा।
सुबह करीब 6 बजे प्रतिभागी शिवानी पार्क में पहुंचना शुरू हुए, जबकि सुबह 7 बजे आम आदमी पार्टी पंजाब के जनरल सेक्रेटरी दीपक बाली ने हरी झंडी दिखाकर रन की शुरुआत करवाई
बच्चों से लेकर 85 साल तक के बुजुर्गों ने लिया हिस्सा
Punjab Youth Run में 5 साल के बच्चों से लेकर करीब 85 वर्ष के वरिष्ठ नागरिकों तक ने भाग लिया। आयोजकों के मुताबिक, रन के लिए 5 हजार से ज्यादा प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। अलग-अलग आयु वर्गों में महिला-पुरुष और लड़के-लड़कियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई।
रन का 5 किलोमीटर रूट शिवानी पार्क से शुरू होकर मेयर हाउस, मॉडल टाउन गुरुद्वारा, गुरु अमरदास चौक, गुरु नानक मिशन चौक, स्काईलार्क चौक, नामदेव चौक, बीएमसी चौक, अपीजय स्कूल और चुनमुन मॉल से होते हुए वापस शिवानी पार्क तक रहा।
अरशदीप सिंह ने जीता पहला स्थान
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए अरशदीप सिंह ने 16 मिनट 25 सेकंड में 5 किलोमीटर की रेस पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही उन्हें 11 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
बच्चों को केले-लस्सी और देसी घी के परांठों का लंगर
दौड़ पूरी होने के बाद प्रतिभागियों के लिए रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था की गई। बच्चों को केले और लस्सी दी गई। वहीं, ‘हार्ट अटैक परांठा’ वालों की ओर से बच्चों के लिए विशेष देसी घी के परांठों का लंगर लगाया गया। दौड़ खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में बच्चे परांठे खाने पहुंचे।
आयोजकों की ओर से रन को फिटनेस और मनोरंजन से जोड़ते हुए इसे एक फिटनेस फेस्टिवल के रूप में भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
Punjab Youth Run 2026 का आयोजन Youth Wing Punjab की ओर से किया गया। इसमें काकू अहलूवालिया, बिर दविंदर सिंह, राजन स्याल सहित कई प्रमुख लोग जुड़े रहे। वहीं AB Shooting Academy के संस्थापक अरशदीप बंगा को कार्यक्रम का एंबेसडर बनाया गया था।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











