Home » Crime » 34.5 किलो चरस बरामद, जालंधर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क के तीन सदस्य दबोचे 📢

34.5 किलो चरस बरामद, जालंधर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क के तीन सदस्य दबोचे 📢

Jalandhar 34.5 किलो चरस बरामद मामले में दकोहा से शुरू हुई जांच टांडा तक पहुंची, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन 

जालंधर। पीटीएन न्यूज 

📰:-जालंधर: कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 किलो 500 ग्राम चरस बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सीआइए स्टाफ की जांच के दौरान सामने आए इस नेटवर्क के तार जालंधर से लेकर टांडा तक जुड़े मिले हैं। पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर नशे की खेप के स्रोत और इसे आगे पहुंचाने वाले लोगों का पता लगाने में जुटी है।

पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के अनुसार, 28 अगस्त को सीआइए स्टाफ की टीम ने इंस्पेक्टर सुरिंदर कुमार की निगरानी में दकोहा क्षेत्र में कार्रवाई की। पीरां दी जगह के नजदीक पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में काले रंग का लिफाफा लेकर जा रहे देवानंद उर्फ नंदा निवासी दकोहा को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 1 किलो 500 ग्राम चरस बरामद हुई।

इस संबंध में थाना रामा मंडी में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। पूछताछ आगे बढ़ी तो पुलिस को नेटवर्क से जुड़े दो अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

पूछताछ के बाद टांडा में दबिश

देवानंद से पूछताछ के दौरान पुलिस को बुद्ध बहादुर निवासी टांडा, होशियारपुर और सुर्यारती उर्फ हिमरती के बारे में पता चला। पुलिस के मुताबिक दोनों टांडा के शिमला पहाड़ी रोड स्थित संगत सिंह के कार्यालय में रह रहे थे।

इसके बाद पुलिस टीम ने 29 अगस्त को टांडा में कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में बुद्ध बहादुर के पास से 15 किलो और सुर्यारती उर्फ हिमरती के कब्जे से 18 किलो चरस बरामद हुई। इस तरह तीनों आरोपितों से कुल 34.5 किलो चरस पुलिस के हाथ लगी।

नंदा के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं दो मामले

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि देवानंद उर्फ नंदा पहले भी नशा तस्करी से संबंधित मामलों में नामजद रह चुका है। उसके खिलाफ वर्ष 2011 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2017 में एनसीबी चंडीगढ़ की ओर से भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।

वहीं, पुलिस के अनुसार बुद्ध बहादुर और सुर्यारती उर्फ हिमरती का इससे पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है।

तीन दिन के रिमांड पर आरोपी

तीनों आरोपितों को पुलिस ने अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। अब पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से लाई गई थी और इसकी जालंधर व अन्य क्षेत्रों में किन लोगों को सप्लाई की जानी थी।

पुलिस आरोपितों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Satyamm safri
Author: Satyamm safri

“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishers

राशिफल