Bhagwan Valmiki Prakat Divas Jalandhar के तहत शक्ति नगर आश्रम में विश्व शांति के लिए हवन यज्ञ हुआ, 24 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा।
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-जालंधर: भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में 15 अक्टूबर को शक्ति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में विश्व शांति और समाज की खुशहाली की कामना के लिए हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी पंजाब और वाल्मीकि वेलफेयर ट्रस्ट शक्ति नगर की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुतियां डालीं। कार्यक्रम की देखरेख चेयरमैन विपन सभरवाल ने की। आश्रम में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक पावन वाल्मीकि सत्संग करवाया गया, जिसमें भगवान वाल्मीकि की महिमा का गुणगान किया गया। इसके बाद सुबह 11 बजे विश्व शांति के उद्देश्य से हवन यज्ञ शुरू हुआ। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद दोपहर 2:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए विशाल लंगर लगाया गया।
विपन सभरवाल की देखरेख में हुआ आयोजन
कार्यक्रम में भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी पंजाब के महामंत्री जतिंदर निक्का ने महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं और उनके आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया। वहीं, वाल्मीकि वेलफेयर ट्रस्ट के महामंत्री अशोक भील ने धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था में भूमिका निभाई। सोफी पिंड से पहुंचे हरजिंदर भट्टी ने अतिथियों का स्वागत किया और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। इस अवसर पर सुभाष सोंधी, राजीव गोरा, अश्विनी भट्टी, लखन अटवाल, सुरिंदर पाल, सुखविंदर, राकेश कुमार, अभि सभरवाल, चेतन नाहर और रमन गिल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। महिला विंग की ओर से मोनिका रानी, प्रीति रानी, रेखा रानी, पूजा रानी और सोमा रानी ने भी भाग लिया।
18 अक्टूबर को अमृतसर के लिए रवाना होगी तीर्थ यात्रा
भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के आगामी कार्यक्रमों के तहत 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जालंधर के प्राचीन अली मोहल्ला स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर से श्रद्धालुओं की बस यात्रा श्री वाल्मीकि तीर्थ (राम तीर्थ), अमृतसर के लिए रवाना होगी। आयोजकों के अनुसार, इस यात्रा में जालंधर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। उत्सव कमेटी के अध्यक्ष विपन सभरवाल ने करीब 35,000 से 40,000 श्रद्धालुओं की भागीदारी का अनुमान जताया है।
24 अक्टूबर को जालंधर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा
शहर में भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस के उपलक्ष्य में 24 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शोभायात्रा प्राचीन अली मोहल्ला स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर से शुरू होकर भगवान वाल्मीकि चौक (ज्योति चौक), लव-कुश चौक (मिलाप चौक), शहीद भगत सिंह चौक, पंजपीर चौक, खिंगरा गेट, अड्डा होशियारपुर चौक, अड्डा टांडा, माई हीरा गेट, शीतला माता मंदिर, पटेल चौक, सब्जी मंडी और बस्ती अड्डा सहित विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए वापस अली मोहल्ला पहुंचेगी।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारियां
शोभायात्रा के मद्देनजर जालंधर के सर्किट हाउस में उत्सव कमेटी और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक में व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, शोभायात्रा के मार्ग पर 22 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती, सफाई व्यवस्था, पानी के छिड़काव और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की व्यवस्था तथा पावरकॉम को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाने की जानकारी है। शोभायात्रा के दौरान संबंधित मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है। आयोजकों और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा तथा कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
26 अक्टूबर को होगा मुख्य धार्मिक समागम
प्रकट दिवस के अवसर पर 26 अक्टूबर को रात 8 बजे शक्ति नगर स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम में विशेष धार्मिक समागम और दीपमाला का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही आश्रम में दीये जलाकर धार्मिक उत्सव मनाया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान वाल्मीकि की शिक्षाओं, सामाजिक सद्भाव और विश्व शांति का संदेश दिया जाएगा।
भगवान वाल्मीकि प्रकट दिवस की तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर विपन सभरवाल ने क्या कहा? सुनिए उनकी जुबानी। 👆🏻⏏️
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥













