Home » ब्रेकिंग न्यूज़ » भगत सिंह जयंती के सरकारी कार्यक्रम में गीतों के चयन पर BJP युवा मोर्चा ने उठाए सवाल 📢

भगत सिंह जयंती के सरकारी कार्यक्रम में गीतों के चयन पर BJP युवा मोर्चा ने उठाए सवाल 📢

Bhagat Singh Jayanti पर ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में गीतों के चयन को लेकर सुखविंदर सिंह लाडी ने सरकार से मांगा स्पष्टीकरण

✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन 

जालंधर। पीटीएन न्यूज 

📰:-जालंधर: पंजाब प्रेस क्लब, जालंधर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला प्रधान सुखविंदर सिंह लाडी ने लुधियाना में पंजाब सरकार की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किए गए ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कार्यक्रम में प्रस्तुत किए गए कुछ गीतों की चयन प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए सरकार से स्पष्टीकरण मांगा। सुखविंदर सिंह लाडी ने कहा कि शहीद भगत सिंह जी ने देश की आजादी के लिए अपनी जवानी और जिंदगी कुर्बान कर दी। उनकी विचारधारा ने युवा पीढ़ी को देश, समाज और न्याय के प्रति जागरूक होने की प्रेरणा दी। ऐसे में भगत सिंह जी के जन्मदिवस से जुड़े सरकारी कार्यक्रम में मनोरंजन के नाम पर ऐसे गीत प्रस्तुत किए जाने चाहिए या नहीं, जिनके बोलों को समाज का एक बड़ा वर्ग लचर या अश्लील मानता है, यह गंभीर सवाल है। लाडी ने कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताए गए गीतों में ‘अद्धी रात तक मैं पढ़दी’, ‘Plazzo’, ‘जदों Tuition आउंदी’, ‘मेरे College दी कंध उत्ते Hania’, ‘Jatti Da Rohan Thanedar’, ‘Sohre Mere Hone Sangrur Chann Ve’ और ‘पहले पहर नूं चन्न चढ़ जांदा’ आदि का उल्लेख किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका सवाल किसी कलाकार या पंजाबी संगीत के खिलाफ नहीं है, बल्कि कार्यक्रम की सामग्री और उसके संदर्भ को लेकर है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को उनकी सोच, कुर्बानी, देशप्रेम, क्रांतिकारी विचारों और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने वाला संदेश मुख्य केंद्र होना चाहिए था। लाडी ने कहा कि सरकार की ओर से इस कार्यक्रम को शहीद भगत सिंह जी की विरासत और युवाओं के साथ जोड़ने की बात कही गई थी। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस तरह के कार्यक्रम में सामग्री और मनोरंजन के चयन के लिए कौन से मापदंड निर्धारित किए गए थे।उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लोगों और युवाओं के सामने रखा जाएगा। साथ ही स्थानीय हलका विधायक से भी इस मामले को लेकर जवाब मांगा जाएगा। लाडी ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति का विरोध करना नहीं है, बल्कि यह सवाल उठाना है कि शहीदों की विरासत और पंजाब की युवा पीढ़ी को सरकारी मंच से किस तरह का संदेश दिया जा रहा है।

Satyamm safri
Author: Satyamm safri

“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishers

राशिफल