Punjab BJP में बदलाव की लहर, राकेश राठौर ने बताया मजबूत विकल्प
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
📰:-Punjab BJP: जालंधर, पंजाब की राजनीति में बदलते समीकरणों के बीच भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जालंधर के पूर्व मेयर राकेश राठौर ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान पंजाब के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य के साथ-साथ पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने प्रदेश में भाजपा के कार्यक्रमों तथा बूथ और गांव स्तर तक संगठन को मजबूत करने के प्रयासों को लेकर भी विचार-विमर्श किया। बैठक के बाद राकेश राठौर ने कहा कि पंजाब के लोग मौजूदा सरकार के कामकाज को लेकर निराश हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, नशे की समस्या, रोजगार और विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी है। ऐसे में प्रदेश की जनता एक ऐसे राजनीतिक विकल्प की ओर देख रही है, जो स्थिरता के साथ विकास को प्राथमिकता दे। राठौर ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उनका दावा है कि पंजाब को भी मजबूत प्रशासन और प्रभावी विकास नीति की जरूरत है और भाजपा इस भूमिका को निभाने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि पार्टी का फोकस अब संगठन को और अधिक मजबूत करने पर है। भाजपा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय किया जा रहा है और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अन्य दलों से जुड़े नेता एवं कार्यकर्ता भी भाजपा का रुख कर रहे हैं। राकेश राठौर ने कहा कि आने वाले समय में पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी नेतृत्व की रणनीति के दम पर भाजपा प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति को और मजबूत करेगी।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥












