Jalandhar Activa Theft के शक में सुल्तानपुर बाजार में युवक को दुकानदारों ने पकड़ा, मारपीट के बाद लोहे के गेट से बांधने का वीडियो सामने आया।
✍🏻 सत्यम सफरी, रिपोर्टर, पीटीएन
जालंधर। पीटीएन न्यूज
- 📰:-जालंधर: कपूरथला रोड स्थित सुल्तानपुर बाजार में एक्टिवा चोरी के शक में एक युवक को स्थानीय दुकानदारों ने पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए लोगों ने युवक की कथित तौर पर पिटाई की और उसे भागने से रोकने के लिए रस्सी से लोहे के गेट से बांध दिया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
- जानकारी के अनुसार, बाजार में दुकानदारों ने एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। दुकानदारों का आरोप था कि युवक दुकान के बाहर खड़ी एक्टिवा को चोरी कर ले जाने की कोशिश कर रहा था। शक होने पर लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया।
- इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि गुस्साए दुकानदारों ने युवक की जमकर पिटाई की और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। युवक को भागने से रोकने के लिए उसे एक लोहे के गेट से बांध दिया गया।
- पकड़े गए युवक की पहचान विक्की, निवासी सुल्तानपुर इलाके के रूप में बताई जा रही है। हालांकि, विक्की ने खुद को बेकसूर बताते हुए चोरी के आरोपों को खारिज किया। उसका कहना है कि वह बाजार में केवल दवाई लेने आया था और पैदल जा रहा था। उसके मुताबिक, गलतफहमी के चलते दुकानदारों ने उसे पकड़ लिया और मारपीट की।
- घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को शांत करवाकर युवक को बंधन से मुक्त कराया और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस अब युवक से पूछताछ करने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
- वहीं, लोगों ने इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेकर मारपीट करने का अधिकार नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि एक्टिवा चोरी की कोशिश का आरोप सही है या युवक को गलतफहमी में पकड़ा गया।
Author: Satyamm safri
“पंजाब की हर धड़कन की खबर, सबसे पहले और सबसे सच।”📰🔥











